कष्ट निवारण समिति के सदस्य ओमप्रकाश रक्षवाल ने रविवार को विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर मौका मुआयना करते हुए लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने सेहतपुर, मीठापुर रोड, चेतन मार्केट रोड, कृष्णा कॉलोनी, श्याम कॉलोनी, सूर्या कॉलोनी, दुर्गा इंक्लेव सहित कुछ और क्षेत्रों में निरीक्षण कर समस्याएं सुनीं। मौके पर लोगों ने बताया कि बरसात के मौसम में पानी निकासी की समस्या यहां विकराल रूप धारण कर लेती है और उससे सभी को भारी दिक्कत होती है।
क्षेत्रवासियों की समस्या को सुनने के बाद रक्षवाल ने कहा कि जनता को अधिक से अधिक विकास एवं सुविधाएं देना प्रदेश सरकार का लक्ष्य है। उन्होंने लोगों की सभी समस्याओं का समाधान कराने का आश्वासन दिया। रक्षवाल ने कहा कि घर-घर, कॉलोनी-कॉलोनी व गांव-गांव जाकर लोगों की समस्याओं को सुनने और देखने के बाद संबंधित विभाग के अधिकारियों से मिल उसे हल कराने की पहल कराएंगे।
उन्होंने कहा कि इस पानी निकासी की समस्या का समाधान बरसात से पहले हो कराने के लिए निगमायुक्त सोनल गोयल से मिलेंगे। साथ ही उन्होंने कॉलोनीवासियों से अपील भी किया कि वह सीवर जाम की स्थिति से निपटने के लिए पॉलिथीन का इस्तेमाल नहीं करें। यही नालियों व सीवर में फंसता है तो स्थिति गंभीर हो जाती है।