फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नजफगढ़ वासियों को नवरात्रों में मिलेगा ग्रे लाइन का तोहफा, 3 अक्तूबर को शुरू होने की संभावना

Sun, 29 Sep 2019 03:33 AM IST
Trainee Trainee न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
दिल्ली मेट्रो (फाइल फोटो) - फोटो : Twitter
विज्ञापन
नजफगढ़ वासियों को नवरात्रों में मेट्रो की ग्रे लाइन का तोहफा मिलने वाला है। ग्रे लाइन के द्वारका, नंगली और नजफगढ़ मेट्रो स्टेशनों का निर्माण पूरा हो चुका है और इन स्टेशनों पर ट्रेनें फर्राटा भरने के लिए तैयार हैं। इस सेक्शन के खुलने के शुरुआती दौर में यात्रियों को साढ़े 7 मिनट में एक ट्रेन मिलेगी और फिलहाल इस सेक्शन पर तीन ट्रेनों को चलाने के लिए तैयार किया गया है।
विज्ञापन


 मेट्रो नेटवर्क पर नई लाइन के जुड़ने के बाद दिल्ली मेट्रो रेल नेटवर्क की लंबाई बढ़कर 377 किमी हो जाएगी। ग्रे लाइन 3 अक्तूबर को शुरू होने की संभावना है। ग्रे लाइन पर कुल चार स्टेशन बनाए जाने की योजना है, जिनमें से द्वारका, नंगली और नजफगढ़ स्टेशन खुलने के लिए तैयार हैं, जबकि चौथा स्टेशन ढांसा बॉर्डर है, इसका निर्माण दिसंबर 2020 तक पूरा होने की संभावना है।

फिलहाल तीन स्टेशनों के सेक्शन की लंबाई 4.29 किमी है। इसमें द्वारका और नंगली मेट्रो स्टेशन 2.75 किमी के दायरे में एलिवेटेड रूप से बने हैं, जबकि नजफगढ़ मेट्रो स्टेशन 1.54 किमी के दायरे में अंडरग्राउंड तैयार किया गया है।
विज्ञापन


अब द्वारका उपनगर में ब्लू लाइन पर दो इंटरचेंज

ग्रे लाइन के यात्रियों के लिए खुलने के बाद ब्लू लाइन के द्वारका मेट्रो स्टेशन पर इंटरचेंज की सुविधा मिलेगी। यहां इंटरचेंज के जरिये नजफगढ़ वासी द्वारका सेक्टर-21 और दूसरी ओर नोएडा इलेक्ट्रॉनिक सिटी/वैशाली की ओर सफर कर सकेंगे। खास बात यह है कि द्वारका उपनगर में दो मेट्रो स्टेशनों पर इंटरचेंज की सुविधा उपलब्ध हो जाएगी। द्वारका उपनगर में द्वारका सेक्टर-21 में पहला इंटरचेंज एयरपोर्ट लाइन पर मेट्रो बदलने के लिए पहले से मौजूद है और अब द्वारका मेट्रो स्टेशन पर ग्रे लाइन के यात्रियों को ब्लू लाइन पर इंटरचेंज की सुविधा मिलेगी। ग्रे लाइन के शुरू होने से नजफगढ़ वासियों का सफर आसान हो जाएगा।

डंबल के आकार में बना नजफगढ़ स्टेशन

नजफगढ़ मेट्रो स्टेशन इलाके के अति व्यस्त दिल्ली गेट इंटरसेक्शन पर है। इस स्टेशन को नजफगढ़ मुख्य मार्ग पर बनाया गया है, जिसके दोनों ओर मार्केट है। यहां पर्याप्त जमीन न मिलने के कारण स्टेशन का आकार बीच में से संकुचित हो गया है, जिस कारण स्टेशन के दोनों छोर की ओर चौड़ाई ज्यादा है और बीच का हिस्सा संकरा है, इसलिए इस स्टेशन का आकार डंबल जैसा है। इस स्टेशन के प्लेटफार्म की लंबाई 195 मीटर है। स्टेशनों को आर्ट वर्क के जरिये खूबसूरत बनाया गया है।

सौर ऊर्जा से जगमगाएंगे स्टेशन

द्वारका, नंगली और नजफगढ़ तीनों मेट्रो स्टेशनों पर एलईडी लाइटों को लगाया गया है और इन लाइटों को सौर ऊर्जा से चलाया जाएगा। इन तीनों स्टेशनों की छत पर सोलर पावर प्लांट लगाए गए हैं। द्वारका मेट्रो स्टेशन पर एक दिन में 175 किलोवाट, नंगली मेट्रो स्टेशन पर 240 किलोवाट और नजफगढ़ डिपो पर 182 किलोवाट बिजली खर्च होगी। द्वारका-नजफगढ़ सेक्शन पर सोलर प्लांट से 597 किलोवाट ऊर्जा का उत्पादन किया जा रहा है।

नजफगढ़ से द्वारका महज 6:20 मिनट में

ग्रे लाइन के खुलने के बाद नजफगढ़ से महज 6 मिनट 20 सेकेंड में द्वारका पहुंच सकेेंगे। इस सेक्शन पर पीक आवर में 7 मिनट 30 सेकेंड की फ्रीक्वेंसी पर मेट्रो मिलेगी, जबकि नॉन पीक आवर में ट्रेनों की फ्रीक्वेंसी बढ़ जाएगी।

द्वारका मेट्रो स्टेशन पर बनी अतिरिक्त पार्किंग

ग्रे लाइन के यात्रियों की सुविधा के लिए द्वारका मेट्रो स्टेशन पर 2000 वर्ग मीटर की अतिरिक्त पार्किंग बनाई गई है, जबकि नंगली और नजफगढ़ मेट्रो स्टेशनों पर फिलहाल पार्किंग की सुविधा उपलब्ध नहीं होगी।

नजफगढ़ स्टेशन पर गुल हो जाएगा मोबाइल नेटवर्क

नजफगढ़ मेट्रो स्टेशन ग्रे लाइन का भूमिगत मेट्रो स्टेशन है और यहां पर फिलहाल यात्रियों को मोबाइल नेटवर्क गुल होने की परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि डीएमआरसी द्वारा मोबाइल नेटवर्क की समस्या को दूर करने के लिए जल्द बेहतर कदम उठाया जा सकता है।

सभी स्टेशनों पर लगेगा सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध

डीएमआरसी इस योजना पर काम कर रही है। अगले सप्ताह सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध लगाने के लिए मेट्रो स्टेशनों के परिसर में मौजूद सभी दुकानदारों को निर्देश जारी करेगी।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें