नोएडा की प्रस्तावित तीन परियोजनाओं से उत्तर प्रदेश शासन भी सहमत है। जिसका नतीजा यह है कि शासन की ओर से इन तीनों ही परियोजनाओं को शीघ्र मंजूरी देने का आश्वासन भी मिला है।
औद्योगिक विकास आयुक्त आलोक रंजन की अध्यक्षता में लखनऊ में हुई बैठक में शामिल नोएडा प्राधिकरण के चेयरमैन रमा रमण ने तीन परियोजनाओं को मंजूरी देने का प्रस्ताव रखा।
इनमें पहली परियोजना बॉटेनिकल गार्डेन से कालिंदी कुंज मेट्रो रूट है। इसके एमओयू को पिछली केबिनेट बैठक में मंजूरी मिलने की उम्मीद थी, लेकिन नहीं मिल सकी।
इस परियोजना को अगली कैबिनेट बैठक में रखे जाने और मंजूरी दिए जाने का आश्वासन मिला है। नोएडा से ग्रेटर नोएडा मेट्रो परियोजना पर भी सहमति जताई गई है। इसे भी शीघ्र मंजूरी देने का आश्वासन मिला है।
बैठक में बसों और मेट्रो के संचालन के लिए एसपीवी (स्पेशल परपज व्हीकल अथॉरिटी) का गठन करने के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। इसे भी अच्छा प्रस्ताव बताते हुए जल्द मंजूरी दिलाने की बात कही गई है। हालांकि इन सब परियोजनाओं को मंजूरी के लिए कोई समयसीमा तय नहीं की गई है। बताया गया कि इन तीनों ही प्रोजेक्टों पर मुख्यमंत्री से भी चर्चा हो चुकी है और वे भी राजी हैं।