पूर्वी दिल्ली। गोकलपुर विधानसभा क्षेत्र के हर्ष विहार वार्ड-237 के अंतर्गत आने वाले सरकारी संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर पेयजल संकट से स्थायी राहत मिलने की उम्मीद बंध गई है। दिल्ली जल बोर्ड द्वारा क्षेत्र में बुनियादी जल ढांचे को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से एक नया और महत्वपूर्ण विकास कदम उठाया गया है। इसके तहत हर्ष विहार वार्ड के जेल रोड स्थित सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, अंबेडकर भवन और बुद्ध विहार मंडोली स्थित अंबेडकर धर्मशाला के पास नए ट्यूबवेल लगाने की योजना पर काम शुरू कर दिया गया है।
स्थानीय नागरिकों और अभिभावकों लंबे समय से यह मांग कर रहे थे कि सार्वजनिक स्थलों और विशेषकर शिक्षण संस्थानों में पानी की सुचारु व्यवस्था होनी चाहिए। इस परियोजना के तहत करीब 90 मीटर गहराई तक बोरिंग, ड्यूल आयरन और एम.एस. पाइपलाइन बिछाने के साथ-साथ आधुनिक तकनीक से लैस पंप सेट स्थापित किए जाएंगे। इस पुख्ता इंतजाम से यह सुनिश्चित किया जाएगा कि स्कूल के बच्चों और स्थानीय लोगों को गर्मियों या अन्य दिनों में पानी की किल्लत का सामना न करना पड़े। दिल्ली जल बोर्ड के अनुसार इस परियोजना को पूरा करने के लिए चार महीने की समय-सीमा निर्धारित की गई है। परियोजना की गुणवत्ता और समय पर पूरा होने को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।