एक बार फिर शहर में युवा महोत्सव का धमाल मचने जा रहा है। सात साल बाद शहर के पंड़ित जवाहरलाल नेहरू कॉलेज को इस महोत्सव की मेजबानी करने का मौका मिला है।
इस बार 26 से 28 अक्तूबर तक महोत्सव आयोजित होगा, जिसमें गुड़गांव जोन के 161 कॉलेजों के एक हजार से ज्यादा प्रतिभागी विभिन्न प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेंगे।
इस बार छात्राओं की सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। बकायादा, इनके लिए अलग ग्रीन रूम बनाए जाएंगे जहां बिना आईकार्ड किसी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
पिछले साल पलवल में युवा महोत्सव के दौरान लड़कियों के साथ ही घटना को ध्यान में रख इस बार विश्वविद्यालय प्रशासन एहतियात बरत रहा है। विभिन्न जिलों से आने वाली महिला प्रतिभागियों की सुरक्षा को लेकर ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।
विभिन्न राज्यों की संस्कृति की दिखेगी झलक
महोत्सव के दौरान लड़कियों के अलग से ग्रीन रूम बनाया जाएगा, जहां लड़कों का प्रवेश वर्जित होगा। लड़कियों के ब्लॉक में चार महिला पुलिसकर्मियों को तैनात किया जाएगा।
कॉलेज के आईकार्ड के बिना किसी की एंट्री नहीं होगी। वहीं, इस बार महोत्सव में विभिन्न राज्यों की संस्कृति की झलक दिखेगी। नृत्य, गीत संगीत, नाटक, मिमिकरी, थियेटर, कविता, भाषण, वाद-विवाद सहित कई तरह के इवेंट आयोजित किए जाएंगे।
इसमें फरीदाबाद, पलवल, गुड़गांव और मेवात से 161 कॉलेज के प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। इनमें डिग्री कॉलेज, इंजीनियरिंग कॉलेज और बीएड कॉलेज शामिल हैं।
युवा महोत्सव में हिस्सा लेने के लिए कॉलेजों को अपने इवेंट और प्रतिभागियों की सूची नेहरू कॉलेज में 19 अक्तूबर तक जमा करानी होगी। 19 अक्तूबर को दोबारा बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें कार्यक्रमों का ड्रॉ आयोजित होगा। इसके आधार पर इवेंट की तारीख और समय तय होगा।