ग्रेटर नोएडा बीटा-2 कोतवाली पुलिस ने एक महिला से जेवरात लूटने और ठगी के मामले में वांछित चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को राजस्थान के कोटा से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान मोहम्मद चांद निवासी भाया की बाडी अन्ता थाना अन्ता दिला बारां राजस्थान के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, मोहम्मद चांद ने अपने साथी आरिस के साथ वर्ष-2021 में बर्तन पॉलिश करने के बहाने एक घर में घुसकर एक महिला के कानों से कुंडल और गले से पेंडल लूट लिए थे। इसी गिरोह ने उसी वर्ष दवाई बेचने और इलाज के नाम पर एक अन्य घर में घुसकर पांच लाख रुपये की ठगी भी की थी। इन वारदातों के बाद वर्ष 2022 में दोनों आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया और मोहम्मद चांद पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया। बदमाश वर्ष 2022 से गैंगस्टर एक्ट के तहत वांछित था और तभी से फरार चल रहा था।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि मोहम्मद चांद को पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और गुप्त सूचना के आधार पर राजस्थान के कोटा शहर में पर्यटन स्थल झील के पास पत्थर घोड़ा क्षेत्र से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी घटना को अंजाम देने के बाद राजस्थान भाग गया था। जांच में पता चला है कि आरोपी ने महिला बंदूक की नोक पर वारदात को अंजाम दिया था। वहीं बुजुर्ग के घर में आरोपी मदद के बहाने में घुसा था। बाद में पीड़ित को शौचालय का दरवाजा बंद कर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया था। आरोपी आरिस की गिरफ्तारी के प्रयास अभी भी जारी हैं।