फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

छोले में दो दिन पुरानी चिकन की तरी मिलाकर छात्रों को परोसा, खुला राज तो मच गया हंगामा

Mon, 16 Sep 2019 01:13 PM IST
पूजा त्रिपाठी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, ग्रेटर नोएडा
विज्ञापन
हॉस्टल में छोले में चिकन की ग्रेवी मिलाने पर मचा हंगामा - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र स्थित ऑक्सफोर्ड कैप्स हॉस्टल में छात्रों को छोले में चिकन की तरी मिलाकर परोसने का मामला सामने आया है। श्राद्ध में चिकन परोसे जाने से नाराज छात्रों ने शनिवार रात और रविवार को जमकर हंगामा किया।

विज्ञापन


छात्रों का दावा है कि शनिवार रात हॉस्टल पहुंची पुलिस कार्रवाई का आश्वासन देकर लौट गई। रिपोर्ट दर्ज नहीं होने पर रविवार को एक बार फिर छात्रों का आक्रोश फूट पड़ा। छात्रों के प्रदर्शन के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। छात्रों ने कहा कि हॉस्टल में दो दिन पहले चिकन बना था।

छात्रों के मुताबिक शनिवार रात को हॉस्टल के डिनर में छोले और भटूरे और स्वीट डिश परोसी गई थी। आरोप है कि जब छात्र खाना खा रहे थे तो छोले की तरी चिकन की हड्डी और पनीर के टुकड़े दिखे। इसे देख छात्र आक्रोशित हो गए।
विज्ञापन


उनका कहना था कि शाकाहारी छात्रों के लिए पनीर की सब्जी और अन्य के लिए चिकन श्राद्ध शुरू होने से एक दिन पहले बना था। चिकन और पनीर की सब्जी की बची हुई तरी को छोले में मिलाकर शनिवार रात छात्रों को परोस दिया गया। छात्र हॉस्टल प्रबंधन व मेस कर्मियों पर आरोप लगाने लगे। हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई का आश्वासन देकर छात्रों को शांत कराकर वापस लौट आई।

विज्ञापन

बाउंसर बुलाने की धमकी पर फिर बुलाई पुलिस

छात्रों का दावा है कि पुलिस ने आरोपियों पर कार्रवाई नहीं की। इसके विरोध में शनिवार रात 8:30 बजे से लेकर तड़के 3 बजे तक छात्रों ने धरना भी दिया। रविवार सुबह हॉस्टल प्रबंधन धरना देने व हंगामा करने पर बाउंसर बुलाने की धमकी देने लगा। इसके चलते छात्रों ने कॉल कर पुलिस को बुलाया। पुलिस के पहुंचने पर छात्रों ने फिर से हंगामा किया और आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की। इस बार छात्रों की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली। 

तीन महीने पहले हुआ था बदलाव
छात्रों का कहना है कि तीन माह पहले तक हॉस्टल को दूसरा ग्रुप चलाता था। इसके बाद ऑक्सफोर्ड कैप्स हॉस्टल चलाने लगा। छात्रों का सालाना शुल्क लगभग 30 हजार रुपये बढ़ा दिया गया। छात्रों का यह भी कहना है कि उन्होंने मेस की पड़ताल की तो वहां पर सांभर बड़ा तैयार रखे थे। जबकि वह दो दिन बाद के मेन्यू में परोसे जाने थे। 

इस मामले में अज्ञात आरोपियों पर आइपीसी की धारा-272 (गलत खाना खिलाने) और 295-ए (जानबूझकर धार्मिक भावना आहत करने) के अंतर्गत कार्रवाई की गई है। आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।- अरविंद पाठक, नॉलेज पार्क थाना प्रभारी।

शनिवार रात को मेन्यू के मुताबिक छोले-भटूरे और स्वीट डिश परोसी गई थी। छात्रों के आरोप की जांच कराई जाएगी। दोषी पाए गए कर्मचारी पर कार्रवाई की जाएगी। - रमेश रावत, प्रॉपर्टी मैनेजर, ऑक्सफोर्ड कैप्स हॉस्टल
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें