कोतवाली क्षेत्र के अट्टा गुजरान गांव निवासी हिंदू युवा वाहिनी के पूर्व जिलाध्यक्ष संदीप नागर की मंगलवार देर रात गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोपियों ने शव को गांव के नजदीक ही बांध के पास फेंक दिया। बुधवार तड़के बांध के पास खेतों में काम कर रहे लोगों ने शव मिलने की सूचना पुलिस और ग्रामीणों को दी। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने शव की शिनाख्त की।
पुलिस के मुताबिक संदीप के गले में गोली लगने का निशान था। परिजनों ने रिश्ते में जीजा लगने वाले साकीपुर निवासी रोहित भाटी और रिंकू भड़ाना निवासी चुहरपुर समेत दो लोगों पर 5 लाख रुपये के लेनदेन को लेकर हत्या का आरोप लगाया है। फोरेंसिक टीम ने शव के पास मिली बीयर की बोतल समेत अन्य साक्ष्य इकट्ठा किए हैं।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर रोहित भाटी और रिंकू भड़ाना के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने दो टीमों का गठन किया है। प्राथमिक जांच के बाद पुलिस ने दोस्तों के साथ शराब पीते वक्त हुए विवाद के बाद हत्या की आशंका जताई है।
संदीप नागर के पिता वीरू ने शिकायत में कहा है कि करीब 10 माह पहले ग्रेटर नोएडा के साकीपुर निवासी बाप-बेटे चमन और रोहित ने संदीप से 5 लाख रुपये उधार लिए थे। पिछले कई दिनों से वह अपने उधारी के रुपयों की मांग कर रहा था।
परिजनों का दावा है कि आरोपी रुपये देने में आनाकानी कर रहे थे। मंगलवार देर शाम रोहित और रिंकू भड़ाना फॉरच्यूनर एसयूवी लेकर गांव आए थे और संदीप को गाड़ी में बैठाकर अपने साथ ले गए। बुधवार सुबह उसका शव मिलने की सूचना मिली।
चार दिन पहले आरोपियों से हुआ था विवाद
परिजनों के मुताबिक संदीप, रोहित और रिंकू एक जन्मदिन की पार्टी में साथ गए थे। जहां संदीप और रिंकू का किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। जिसमें संदीप ने रिंकू को चांटा मार दिया था।
आरोपी की संदीप से थी गहरी दोस्ती
संदीप और दोनों आरोपियों रिश्तेदारी के साथ-साथ गहरी दोस्ती भी थी। तीनों की दोस्ती के गांव में चर्चा थी। तीनों घूमने के लिए भी एक साथ जाते थे। तीनों ग्रेटर नोएडा में जल्द ही प्रॉपर्टी डीलिंग शुरू करने के लिए ऑफिस खोलने की तैयारी कर रहे थे।
संदीप नागर हिंदू युवा वाहिनी का पूर्व जिला उपाध्यक्ष रहा है। इन दिनों वह वाहिनी में कार्यकर्ता था।
- योगराज सिंह हिंदू, जिला संयोजक हिंदू युवा वाहिनी गौतमबुद्ध नगर
संदीप नाम के व्यक्ति का शव दनकौर थाना क्षेत्र में मिला है। वर्तमान में वह हिंदू युवा वाहिनी का पदाधिकारी नहीं था। प्राथमिक जांच में हत्या की वजह पारिवारिक नजर आ रही है। शराब पीने को लेकर विवाद की बात भी बात भी सामने आ रही है। मामले में जल्द गिरफ्तारी होगी।
- वैभव कृष्ण, एसएसपी, गौतमबुद्ध नगर