ईडी ने रियल एस्टेट प्रवर्तक सतिंदर सिंह भसीन को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी घर खरीदारों से धोखाधड़ी और धन शोधन के मामले में हुई है। वह भसीन इन्फोटेक एंड इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक और ग्रेटर नोएडा स्थित ग्रैंड वेनिस मॉल के मालिक हैं।
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने घर खरीदारों से धोखाधड़ी और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े मामले में नोएडा की एक रियल एस्टेट कंपनी के प्रमोटर सतिंदर सिंह भसीन को गिरफ्तार किया है। भसीन को शुक्रवार को हिरासत में लिया गया था। वह भसीन इन्फोटेक एंड इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक और ग्रेटर नोएडा स्थित ग्रैंड वेनिस मॉल के मालिक भी हैं।
विज्ञापन
अधिकारियों ने बताया कि भसीन को गाजियाबाद स्थित विशेष पीएमएलए अदालत में पेश किया गया। इसके बाद कोर्ट ने उन्हें 6 जून तक ईडी की हिरासत में भेज दिया। ईडी का आरोप है कि भसीन जांच में सहयोग नहीं कर रहे थे और एजेंसी के समन से बच रहे थे।
15 मई को सुप्रीम कोर्ट ने भी भसीन की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। मनी लॉन्ड्रिंग का यह मामला साल 2015 में उत्तर प्रदेश पुलिस की ओर से दर्ज कई एफआईआर से जुड़ा है। इन मामलों में आरोप लगाया गया था कि बीआईआईपीएल, ग्रैंड वेनिस समूह की कंपनियों, भसीन और अन्य लोगों ने निवेशकों से वाणिज्यिक संपत्तियों की समय पर डिलीवरी का वादा कर करोड़ों रुपये जुटाए, लेकिन परियोजनाएं पूरी नहीं कीं और न ही खरीदारों को संपत्ति सौंपी।
विज्ञापन
पश्चिमी दिल्ली में आवासीय मकान जब्त
ईडी की जांच में सामने आया कि निवेशकों से जुटाई गई रकम को परियोजनाओं के निर्माण में लगाने के बजाय समूह की विभिन्न कंपनियों और सहयोगी संस्थाओं के जरिये कथित तौर पर दूसरी जगहों पर भेज दिया गया। ईडी ने पिछले साल पश्चिमी दिल्ली के राजौरी गार्डन स्थित भसीन के एक आवासीय मकान को भी अस्थायी रूप से जब्त किया था। संपत्ति का वर्तमान मूल्य 44.06 करोड़ रुपये है।