हल्दीराम की सेक्टर-68 ए-11 स्थित फैक्ट्री में बुधवार रात लगी भीषण आग पर शासन ने संबंधित विभागों से रिपोर्ट मांग ली है। उधर, फैक्ट्री में लगी आग की लपटें तो बंद हो गईं हैं, लेकिन रह-रहकर धुआं निकल रहा है। इसलिए 48 घंटे बाद भी दमकल की गाड़ियां फैक्ट्री के चक्कर लगाती रहीं।
शुक्रवार को भी शाम तक 15 दमकल की गाड़ियों ने जगह-जगह उठ रहे धुएं को काबू करने का प्रयास किया, ताकि उससे दोबारा आग न लग जाए। फेज तीन के अग्निशमन अधिकारी राधेश्याम यादव ने बताया कि बृहस्पतिवार को पूरी रात मशक्कत कर आग पर काबू पा लिया गया था। हालांकि, फैक्ट्री में बहुत ज्यादा पैकेजिंग का सामान, खाद्य तेल और उत्पादन के लिए आने वाला सामान रखा है।
उसके ढेर में रह-रहकर छोटी आग या धुआं उठ रहा है। उसे न बुझाया गया तो फिर से फैक्ट्री में आग लगने का खतरा है। इसलिए शुक्रवार शाम तक दमकल की गाड़ियां फैक्ट्री के चक्कर लगाती रहीं। शुक्रवार को 15 दमकल गाड़ियों ने दबी हुई आग और फैक्ट्री में भरे हुए सामान को ठंडा करने का प्रयास किया।