मदनपुरी चौक पर गाड़ी से टक्कर लगने के बाद हुए हंगामे में एक व्यापारी को गैंगस्टर के भाई को थप्पड़ मारना भारी पड़ गया।
गुस्साए गैंगस्टर के भाई ने व्यापारी को उसके घर से अगवा कर जमकर मारपीट की और फिर रेलवे स्टेशन के पास फेंककर चले गए।
व्यापारी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी समेत अन्य लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की दो टीमों का गठन कर छापेमारी की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, मंगलवार को गैंगस्टर संदीप गाड़ौली का भाई ब्रह्मप्रकाश उर्फ मास्टर अपने भाई कुलदीप के साथ न्यू कॉलोनी आया था। यहां पर उनकी गाड़ी किसी दूसरी गाड़ी से टकरा गई।
गाड़ी से टक्कर के बाद यहां भीड़ इकट्ठी हो गई। बात बढ़ने के बाद कुछ लोगों ने मास्टर की गाड़ी के शीशे तोड़ डाले। गुस्साई भीड़ ने मास्टर और कुलदीप को गाड़ी से बाहर खींचते हुए मारपीट कर दी।
इसी बीच भीड़ में मदनपुरी निवासी जीतू उर्फ जितेंद्र ने ब्रह्मप्रकाश को थप्पड़ मार दिया। शाम को जब जीतू अपने घर पहुंचा तो कुलदीप समेत मास्टर आठ-दस युवकों के साथ उसके घर पहुंचा।
उन्होंने जीतू और उसके एक दोस्त लकी की धुनाई की और जीतू को जबरदस्ती गाड़ी में अगवा कर ले गए। युवक के मुताबिक उसे एक घंटे तक गाड़ी में घुमाया।
उन्होंने धमकी देते हुए कहा कि तूने संदीप गाड़ौली के भाई को थप्पड़ मारा है, इसका अंजाम बुरा होगा। इसके बाद उसे रेलवे स्टेशन के समीप छोड़कर फरार हो गए। देर रात जीतू पुलिस के पास पहुंचा और आपबीती सुनाई।
इस मामले में पुलिस ने ब्रह्मप्रकाश समेत अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। अर्जुन नगर चौकी प्रभारी के मुताबिक आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए दो टीमों का गठन कर छापेमारी की जा रही है।