एनजीटी से रोक के कारण अटके 20 हजार से अधिक फ्लैट खरीदारों को रजिस्ट्री कराने का मौका जल्द मिल सकता है। प्राधिकरण ने इस परिधि में आने वाले 10 प्रोजेक्ट के कंप्लीशन सर्टिफिकेट पर कार्रवाई शुरू कर दी है।
नोएडा प्राधिकरण के मुताबिक, सुपरटेक ने सेक्टर-34 व 74, एसडीएस इन्फ्राटेक ने सेक्टर-45, आम्रपाली ने सेक्टर-45 व 50 स्थित प्रोजेक्ट के कंपलीशन सर्टिफिकेट के लिए आवेदन किया है। जेपी ग्रुप ने सेक्टर-128 व 129 स्थित बी-1, 2, 3, 4, 6, 7, कलिस्टो और क्लासिक के लिए आवेदन किया है।
इन प्रोजेक्ट में करीब 20 हजार फ्लैट बने होने का अनुमान है। प्राधिकरण ने पब्लिक नोटिस भी जारी किया है। नोटिस में पूछा गया है कि अगर फ्लैट खरीदार को किसी प्रोजेक्ट के ले-आउट या किसी और फेरबदल को लेकर कोई आपत्ति है तो उसे 30 दिन के भीतर प्राधिकरण के नियोजन कार्यालय में दर्ज करा सकता है।
हालांकि, ओखला पक्षी विहार से 10 किलोमीटर की परिधि में 40 से अधिक प्रोजेक्ट अटके हुए थे। इनमें से कई प्रोजेक्ट ऐसे हैं, जिन पर प्राधिकरण का पैसा बाकी है। जब तक ये भुगतान नहीं कर देते, तब तक इनको कंप्लीशन सर्टिफिकेट नहीं मिलेगा।