मुंबई सेंट्रल से अमृतसर जाने वाली गोल्डन टैंपल एक्सप्रेस की पावर बुधवार रात आनंद विहार हाल्ट के पास फेल हो गई। पावर फेल होने से गोल्ड टैंपल खड़ी हो गई।
इसकी वजह से पीछे चल रही वैशाली एक्सप्रेस, मगध एक्सप्रेस और एक ईएमयू ट्रेन के चक्के भी थम गए। पावर फेल होने की सूचना पर साहिबाबाद और गाजियाबाद के अधिकारियों में हड़कंप मच गया।
साहिबाबाद से दूसरा इंजन भेजकर करीब एक घंटे बाद ट्रेनों को रवाना किया गया। इस दौरान ट्रेन में सवार और गाजियाबाद स्टेशन पर ट्रेनों का इंतजार कर रहे यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ी।
हजरत निजामुदीन स्टेशन के रास्ते गाजियाबाद पहुंचने वाली गोल्डन टैंपल ट्रेन करीब सवा आठ बजे आनंद विहार हाल्ट पर पहुंची। इसी दौरान पावर फेल हो गई।
ट्रेन के ड्राइवर और गार्ड ने इसकी सूचना साहिबाबाद और गाजियाबाद स्टेशन के अधिकारियों को दी। रेलवे का तकनीकी स्टाफ मौके पर पहुंचा, लेकिन इंजन ठीक नहीं हो सका। करीब एक घंटे तक चार ट्रेनें रास्ते में खड़ी रही।
बाद में साहिबाबाद से इंजन भेजा गया। रेलवे के डिवीजनल ट्रैफिक मैनेजर डीके चोपड़ा ने बताया कि दूसरा इंजन भेजकर रात 9:10 मिनट पर ट्रेन को गाजियाबाद के लिए रवाना करा दिया गया। रात 9:34 मिनट पर ट्रेन गाजियाबाद स्टेशन पर पहुंची और दो मिनट बाद मेरठ के लिए रवाना हो गई।