दिल्ली में खेलों को प्रोत्साहन देने और खिलाड़ियों की हौसला अफजाई के लिए दिल्ली सरकार ने मंगलवार को बड़ा फैसला लिया। ओलंपिक खेलों में गोल्ड जीतने वाले को दिल्ली के खिलाड़ी सरकार से तीन करोड़ रुपये मिलेंगे।
एशियन गेम्स के गोल्ड विजेता को एक करोड़ रुपये दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की बैठक में यह प्रस्ताव मंजूर किया गया। खिलाड़ियों को यह बतौर प्रोत्साहन राशि शिक्षा विभाग के बजट से मिलेगी। फैसला चालू वित्त वर्ष से ही लागू होगा।
अधिकारियों का मानना है कि बीते तीन-चार साल में दिल्ली के खिलाड़ियों ने ओलंपिक, पैराओलंपिक, राष्ट्रमंडल खेल और एशियन गेम्स में बेहतर प्रदर्शन किया है। योजना का लाभ उन खिलाड़ियों को मिलेगा, जो दिल्ली के निवासी हैं और तीन साल से लगातार यहां निवास करते हैं।
ओलंपिक और पैराओलंपिक अब तक गोल्ड विजेता को एक करोड़, सिल्वर पाने पर 50 लाख, ब्रोंज विजेता को 30 लाख रुपये दिए जाते थे। अब गोल्ड पर तीन, सिल्वर पर दो और बोंज पर एक करोड़ रुपये मिलेंगे। एशियन गेम्स और पैरा एशियाड में गोल्ड पर एक करोड़, सिल्वर पर 75 लाख और बोंज पर 50 लाख रुपये मिलेंगे। अब तक यह राशि क्रमश: 20 लाख, 14 लाख व 10 लाख रुपये थी।