विदेशों में मजबूती के रुख तथा स्थानीय आभूषण कारोबारियों की लिवाली बढ़ने के कारण बृहस्पतिवार को सोने की कीमत 340 रुपये की वृद्धि के साथ प्रति 10 ग्राम 29,890 रुपये हो गई, जो दो महीने का उच्च स्तर है।
वहीं, औद्योगिक इकाइयों तथा सिक्का निर्माताओं द्वारा उठान बढ़ने से चांदी एक बार फिर 40,000 रुपये के स्तर को लांघ गई और इसकी कीमत 570 रुपये की वृद्धि के साथ प्रति किलोग्राम 40,070 रुपये हो गई।
अमेरिका तथा उत्तर कोरिया के बीच तनाव बढ़ने से निवेशक सशंकित हैं, जिसके कारण वे सोने में निवेश की तरफ आकर्षित हो रहे हैं। घरेलू बाजार में सोने की मांग बढ़ती मांग की पूर्ति करने के लिए स्थानीय आभूषण कारोबारियों की लिवाली से भी सोने की कीमत में इजाफा हुआ है।
वैश्विक स्तर पर सिंगापुर में सोने की कीमत 0.09 फीसदी की वृद्धि के साथ प्रति औंस 1,278 डॉलर तथा चांदी की कीमत 0.44 फीसदी बढ़ोतरी के साथ प्रति औंस 16.99 डॉलर हो गई। राष्ट्रीय राजधानी में 99.9 फीसदी तथा 99.5 फीसदी की शुद्धता वाले सोने की कीमत 200 रुपये बढ़कर प्रति 10 ग्राम क्रमश: 29,890 रुपये तथा 29,740 रुपये हो गई।