सरकार के आदेशानुसार इस बार बेटियां स्वतंत्रता दिवस पर ध्वजारोहण करेंगी। इसके लिए बेटियों की प्रतिभा को तराशा जा रहा है। सबसे योग्य, संघर्षशील और प्रतिभावान बेटी ही स्कूलों में तिरंगा फहराएगी।
राहुल कॉलोनी स्थित राजकीय पाठशाला के हेड मास्टर सूरज सिंह ने बताया कि जिले की सभी पाठशालाओं में बेटियों से ध्वजारोहण कराने के निर्देश मिले हैं।
पाठशाला के आसपास के क्षेत्र की सबसे प्रतिभावान से इस काम को कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि कॉलोनी से तीन प्रतिभावान बेटियों का चयन किया गया है, जो गरीब परिवार से ताल्लुक रखती हैं।
संघर्ष के साथ इन्होंने अपनी स्नातक की पढ़ाई पूरी की है। 10 तारीख को स्कूल में एक भाषण प्रतियोगिता रखी गई है, जिसमें तीनों लड़कियां अपने विचार बच्चों के सामने रखेंगी। जिस लड़की के विचार सबसे अच्छे लगेंगे, उसके हाथ से ध्वजारोहण कराया जाएगा।