पुलिस ने पश्चिमी बंगाल से देह व्यापार के लिए दिल्ली लाई गईं दो लड़कियों को मुक्त कराया है। इनमें एक लड़की नाबालिग है। पुलिस ने मानव तस्करी व देह व्यापार करवाने के आरोप में पति-पत्नी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एक महिला आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पुलिस को 21 दिसंबर को पंखा रोड स्थित एक घर में नाबालिग लड़की के शोषण की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर 16 वर्षीय किशोरी को मुक्त कराया। आरोपी किशोरी को पश्चिमी बंगाल से काम दिलाने के बहाने लेकर आए थे।
किशोरी ने पुलिस को बताया था कि राजू उर्फ मशरूफ खान, उसकी पत्नी प्रियंका, प्रताप और उसकी पत्नी नीतू ने उसे देह व्यापार में धकेला था। तफ्तीश के बाद पुलिस ने एक और पश्चिमी बंगाल निवासी लड़की को खुरेजी से मुक्त कराया। इसके बाद पुलिस टीम ने प्रताप चौधरी (42) उसकी पत्नी नीतू (37) और राजू (23) को गिरफ्तार कर लिया।