सूरजपुर कस्बे में प्रेमी की मौत के बाद खुदकुशी करने वाली लिव-इन पार्टनर निशा ने सुसाइड नोट में ऐसी अंतिम इच्छा लिखी है, जिसे पढ़कर पुलिस ने आलाधिकारियों से विचार विमर्श शुरू कर दिया है। निशा ने प्रेमी अमित के अंतिम संस्कार वाले स्थान पर ही अपने शव का संस्कार करने की इच्छा जताई है। वहीं, पुलिस दूसरे दिन भी निशा के परिजन का सही पता नहीं लगा पाई और न ही उसके परिजन यहां पहुंचे हैं। इसके चलते निशा के शव को 72 घंटे के लिए पोस्टमार्टम हाउस भेजा गया है।
सुनपेड़ा, ककोड़ (बुलंदशहर) निवासी अमित और फर्रुखाबाद निवासी निशा लगभग तीन माह से सूरजपुर कस्बा स्थित भाटी कालोनी में किराये पर कमरा लेकर लिव इन में रहते थे। रविवार को अमित ने वीडियो बनाकर जहर पी लिया था और मंगलवार को उसने अस्पताल में दम तोड़ दिया था। बृहस्पतिवार को उसकी लिव इन पार्टनर निशा का शव कमरे में फांसी पर लटका मिला था। पुलिस ने उसके पास से दो पेज का सुसाइड नोट बरामद किया। जिसमें लिखा था कि अमित के बिना वह नहीं रह सकती, इसलिए जान दे रही है।
वहीं, उसने अपने शव को अमित के शव के अंतिम संस्कार वाले स्थान पर संस्कार करने की अंतिम इच्छा लिखी थी। अमित का अंतिम संस्कार उसके गांव सुनपेड़ा में किया गया था। पुलिस ने उसके परिजन के न पहुंचने के कारण उसका शव पोस्टमार्टम हाउस भेजा था। दूसरे दिन भी पुलिस को निशा के परिजन का सही पता नहीं मिला है। परिजन के न आने पर 72 घंटे बाद पुलिस उसके शव का अंतिम संस्कार करेगी।
अभी तक युवती के परिजन का पता नहीं चला है। शव पोस्टमार्टम हाउस भेजा गया है। अगर परिजन नहीं आते तो नियामुनासर 72 घंटे बाद उसके शव का अंतिम संस्कार आलाधिकारियों के निर्देश पर किया जाएगा।
- मुनीष चौहान, सूरजपुर कोतवाली प्रभारी