उत्तर-पूर्वी दिल्ली के वेलकम इलाके में एलएलबी की छात्रा ने व्हाट्स एप ग्रुप छोड़ा तो उसके जानकार चार लड़कों लुकमान, सलमान, मारुफ और शारुफ ने दुष्कर्म की धमकी दे डाली। बार-बार मना करने के बाद भी वे छात्रा को ग्रुप में एड करते गए। परेशान होकर छात्रा ने वेलकम थाने में रिपोर्ट दर्ज करा दी।
पुलिस के मुताबिक, 22 वर्षीय छात्रा परिवार के साथ वेलकम के कबीर नगर में किराए के मकान में रहती है। वह दिल्ली के एक कॉलेज से एलएलबी कर रही है। छात्रा ने बताया कि चारों युवक उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर इलाके के रहने वाले हैं। पिछले साल 29 सितंबर को उन्होंने उसे एक व्हाट्स एप ग्रुप में जोड़ा था।
ग्रुप में उसके साथ भद्दा मजाक किया जाने लगा तो युवती ने ग्रुप छोड़ दिया। इसके बावजूद चारों उसे बार-बार ग्रुप में जोड़ लेते। छात्रा हर बार ग्रुप छोड़ देती। इस पर उन्होंने इस बार ग्रुप छोड़ने पर दुष्कर्म की धमकी दे डाली।