पीड़ित से डेढ़ लाख रुपये लेने के बाद भी इनकी डिमांड खत्म नहीं हुई। परेशान होकर पीड़ित ने मामले की सूचना पुलिस को दी। छानबीन के बाद मध्य जिला के साइबर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में पता चला है कि ठगी की रकम अलवर में किसी अतर सिंह नामक व्यक्ति के खाते में गई है। चंद ही दिनों में उसके खाते में 5.50 लाख रुपये ट्रांसफर हुए हैं। आशंका जताई जा रही है कि इन लोगों ने पुजारी के अलावा कई अन्य लोगों से ठगी की है।
पीड़ित 44 वर्षीय पुजारी परिवार के साथ मध्य दिल्ली के पहाड़गंज इलाके में रहता है। वह एरिया के एक मंदिर में पुजारी है। उसने बताया कि दिसंबर 2022 में उनके व्हाट्सएप नंबर पर एक अज्ञात नंबर से मैसेज आया था। मैसेज में आरोपी ने खुद को लड़की बताते हुए उससे दोस्ती करने की बात की। पुजारी ने दोस्ती कर ली। 15 दिन ऐसे ही चला।
एक दिन पुजारी के मोबाइल पर वीडियो कॉल आई। कॉल पिक करने पर दूसरी ओर से एक युवती अश्लील हरकत करती हुई दिखी। उसने पुजारी को भी कपड़े उतारने के लिए कहा गया। पीड़ित ने उकसावे में आकर ऐसा ही किया। इसके कुछ ही देर बाद एक नंबर से पीड़ित के मोबाइल पर कॉल आई। कॉलर ने पुजारी और युवती का अश्लील वीडियो भेजा हुआ था। आरोपियों ने ब्लैकमेल कर पीड़ित से 49 हजार रुपये की मांग की। इसके बाद कभी पुलिसकर्मी बनकर तो कभी कोई दूसरा अधिकारी बनकर पीड़ित से एक लाख रुपये और ले लिये गए। पीड़ित ने परेशान होकर मामले की शिकायत पुलिस से की। जांच के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया।