थाना सेक्टर-39 पुलिस ने एक राजनैतिक पार्टी के अध्यक्ष को अगवा करके उसके साथ लूटपाट और ब्लैकमेल के आरोप में एक लड़की समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
दरअसल, जिस लड़की पर एक नेता फिदा थे, उसने अपने दोस्तों के साथ मिलकर उनका एमएमएस बना लिया और इसे चैनल पर ना दिखाने की एवज में चार लाख रुपये मांगने लगी। खुद को फंसा और ठगा हुआ महसूस करके नेता ने पुलिस में शिकायत की तो इस ठग ग्रुप को गिरफ्तार कर लिया गया।
थाना प्रभारी सेक्टर-39 धर्मेंद्र चौहान ने बताया कि दिल्ली निवासी अवधेश मिश्र खुद की बनाई एक राजनैतिक पार्टी का अध्यक्ष है। बुधवार रात थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 20 दिसंबर को जीआईपी मॉल के पास स्कॉर्पियो सवार लोगों ने बातचीत के बहाने उसे अपनी कार में बैठा लिया।
कार में चार लोग थे, जिनमें दो महिलाएं थीं। इसके बाद मारपीट करके उसकी होंडा सिटी कार की चाभी, बारह हजार रुपये व कई अन्य दस्तावेज लूट लिये। वहीं महिला के साथ छेड़छाड़ व अश्लीलता करने का आरोप लगाते हुए ब्लैकमेल की धमकी दी।
मामले की पुलिस ने जांच की और बृहस्पतिवार सुबह मंडावली दिल्ली निवासी एक न्यूज चैनल के पत्रकार मनोज कुमार, एक मैगजीन की महिला पत्रकार मंडावली दिल्ली निवासी शालिनी और सुमन को लूटपाट और ब्लैकमेल करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। जबकि न्यूज चैनल का एक अन्य पत्रकार इटावा निवासी नीरज बेहरे लूटी गई होंडा सिटी छोड़ कर भाग निकला।
गिरफ्तार सुमन ने पुलिस को जानकारी दी है कि अवधेश उसके मायके में घर के सामने रहता था। जो उस पर बुरी नियत रखता था। शादी के बाद भी उसका मोबाइल नंबर पता करके आए दिन परेशान करने लगा। इसकी जानकारी उसने न्यूज चैनल कर्मी मनोज को दी।
इस पर मनोज ने अवधेश का स्टिंग करके उसे सबक सिखाने की योजना बनाई और अवधेश से फोन पर बातचीत करने के लिए कहा। 20 दिसंबर को उसे जीआईपी मॉल बुलाया। जहां अवधेश को अपनी कार में बैठा कर सेक्टर-31 स्थित एक गेस्ट हाउस में ले गया।
खुफिया कैमरे की मदद से अवधेश की करतूत रिकार्ड की। उसी दौरान तीनों मीडिया कर्मी कमरे में आ गए। अवधेश की पिटाई की और चार लाख रुपये की डिमांड की। रुपये न देने पर उसकी कार लेकर चले गए। जबकि उसने इसका विरोध किया था।