सेक्टर-100 के पास स्थित लोटस बुलेवार्ड सोसाइटी में आवारा कुत्तों ने घुसकर 5 साल की बच्ची को नोंचकर बुरी तरह घायल कर दिया। गंभीर अवस्था में उसे निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां पर बच्ची की हालत नाजुक बनी हुई है।
उधर, इस घटना के बाद सोसाइटी के लोगों ने सेक्टर-39 कोतवाली पहुंचकर बिल्डर के खिलाफ मामला दर्ज कराने के लिए तहरीर दी। इसके बाद आला अधिकारियों को सोशल मीडिया के माध्यम से शिकायत की।
पुलिस ने बताया कि सेक्टर-100 के पास लोटस बुलेवार्ड सोसाइटी में सुरेश कपड़ों पर प्रेस करने का काम करता है और सोसाइटी में ही रहता है। वह सोमवार सुबह कपड़े प्रेस कर रहा था, तभी सोसाइटी के बेसमेंट नंबर-1 में उसकी 5 साल की बेटी माही खेलती हुई चली गई।
कुछ देर बाद बाहर से कुत्तों का झुंड सोसाइटी में आ गया और बेसमेंट नंबर-1 में घुस गया। वहां पर बच्ची पर हमला कर दिया। बच्ची को बुरी तरह से नोंच डाला। इसी दौरान एक व्यक्ति कार लेने के लिए पार्किंग में गया, तो बच्ची पर हमला होते देख उसे बचाने का प्रयास किया, मगर कुत्ते उस पर भी झपट पडे़।
उसने शोर मचाया, तो एक अन्य व्यक्ति डंडा लेकर पहुंचा, तब जाकर कुत्ते भागे। शोर सुनकर सोसाइटी के लोग मौके पर पहुंचे और बच्ची को अस्पताल में भर्ती कराया। बच्ची की हालत नाजुक बनी हुई है। डॉक्टरों की मानें तो बच्ची को ठीक होने में काफी समय लगेगा और डेढ़ से दो लाख रुपये का खर्च आएगा।
उधर, सोसायटी के लोगों ने एकत्र होकर बिल्डर के खिलाफ नारेबाजी की और सेक्टर-39 कोतवाली पहुंचकर बिल्डर पर आरोप लगाया कि लोगों की ओर से कई बार शिकायत की गई है, मगर बिल्डर लोगों की नहीं सुनता है।
सोसाइटी के अंदर कुत्तों का घुसना पूरी तरह मैनेजमेंट की लापरवाही है। लोगों ने कार्रवाई की मांग की है। उधर, सेक्टर-39 पुलिस ने मौके का मुआयना किया और तहरीर लेकर जांच शुरू कर दी है।