आनंद विहार स्थित पांच सितारा एक होटल में आयोजित शादी समारोह से दूल्हा-दुल्हन का बैग चोरी हो गया। बैग में 50 लाख के जेवरात, कैश व कीमती उपहार थे। देर रात जब परिवार को बैग नहीं मिला, तो होश उड़ गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन की, तो पता चला कि एक नाबालिग मेहमान बनकर शादी समारोह में शामिल हुआ था। वह बैग ले जाते हुए सीसीटीवी कैमरे में दिख रहा था। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उसकी तलाश कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, नोएडा के सेक्टर-121 निवासी शैलेंद्र गोयल ने 17 फरवरी को आनंद विहार थाना पुलिस को शिकायत दी थी। शैलेंद्र ने बताया कि 14 फरवरी को उसके भांजे तुषार राजवंशी की शादी थी। शादी समारोह आनंद विहार के पांच सितारा एक होटल में था। गहनों और रुपयों वाला बैग मिठाइयों की टोकरी के बीच में रखा हुआ था, लेकिन देर रात बैग वहां से गायब था। इससे शैलेंद्र के होश उड़ गए।
मामले की सूचना होटल प्रबंधन को दी गई। बाद में पुलिस को सूचित किया। सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई तो पता चला कि मेहमान बनकर एक नाबालिग शादी में आया था। वह बैग ले जाता दिखा। पुलिस आशंका जता रही है कि किसी गैंग ने घटना को अंजाम दिया है।