इंदिरापुरम। ज्ञान खंड 1 निवासी प्रीति नासा के गले से दो अज्ञात बाइक सवारों ने चेन खींचकर भाग निकले। वारदात 13 मई की शाम वसुंधरा सेक्टर 15 में हुई। वारदात के समय उन्होंने शोर मचाया, लेकिन आरोपी भाग निकले। पुलिस ने 14 मई को प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
दर्ज मामले में प्रीति नासा ने बताया कि वह मंगलवार शाम करीब 4ः30 बजे बाजार गई थीं। रास्ते में एक बाइक पर सवार दो युवक उनके पास पहुंचे और झपट्टा मारकर उनके गले में पड़ी चेन खींचकर भाग गए। अचानक गले पर हाथ लगने पर वह डर गईं और हमले की आशंका पर शोर मचा दिया। हालांकि आरोपी बाइक सवार तब तक मौके से भाग चुके थे। बताया कि उनकी गर्दन पर आरोपी के नाखून भी लगे हैं। इसके बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत की। एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। सीसीटीवी कैमरों में संदिग्ध आरोपी दिखाई दिए हैं। सर्विलांस टीम जांच कर रही है। जल्द ही गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।