खोड़ा। राजीव नगर कॉलोनी स्थित एक आवासीय इमारत की पार्किंग में दो जनवरी की रात करीब 2ः40 बजे कार से आए कुछ युवकों ने आग लगा दी। पार्किंग में खड़ी तीन बाइक और एक स्कूटी जलकर राख हो गईं। पार्किंग के पड़ोस में स्थित फ्लैट में रहने वाले शहवाज घर में धुआं भरता देख उठे तो आग का पता चला। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
शहवाज ने बताया कि लोगों की मदद से करीब 15 मिनट में आग बुझाई गई। पार्किंग में उनके पिता और भाई सलमान की बाइक और बिल्डिंग में रहने वाले अन्य दो लोगों के वाहन जलकर राख हो गए। पार्किंग में लगे बिजली के मीटर भी जल गए। छानबीन करने पर पता चला कि देर रात कुछ युवक कार से पार्किंग पर पहुंचे थे। इसके बाद कार से निकलकर कुछ सामान पार्किंग में फेंका और भाग गए। उनके पास इसका सीसीटीवी फुटेज भी है।
उन्होंने इसकी शिकायत खोड़ा पुलिस से की तो कुछ दिन तक पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया। इसके बाद उन्होंने कमिश्नर कार्यालय में शिकायत की। कमिश्नर के आदेश पर खोड़ा पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसीपी इंदिरापुरम स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और स्थानीय लोगों के मोबाइल से बने वीडियो की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।