थाना क्षेत्र के मोहल्ला रामनगर निवासी नितिन कुमार ने तहरीर देकर बताया कि दो दिन पूर्व वह सिकंदराबाद रोड स्थित एक फैक्टरी पर खड़ा था। तभी उसने देखा कि आकिल निवासी गांव भमरा व उसके साथी नासिर निवासी मौड़ी हापुड़ व फैसल निवासी बड़कल थाना अंसीर जनपद फरीदाबाद एक बंदर के गले में रस्सी बांधकर उसे घसीटते हुए फैक्टरी से बाहर ला रहे थे। आरोपियों की इस हरकत के कारण बंदर की मृत्यु भी हो गई है।
आरोप है कि आरोपियों ने इस पूरे घटनाक्रम की वीडियो बनाया और उसे आकिल नाम के युवक ने अपने इंस्टाग्राम के अकाउंट पर अपलोड कर दिया है। जिसका एक अन्य युवक ने वीडियो भी बना लिया है। उसका आरोप है कि आरोपियों ने इस हरकत से क्षेत्र का माहौल बिगाड़ने की कोशिश की है। उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। शिकायत पर थाना पुलिस ने आरोपी आकिल, नासिर व फैसल के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम में रिपोर्ट दर्ज की है। एसपी सिटी सुरेंद्र नाथ तिवारी ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। साथ ही तीनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।