मोदीनगर। निवाड़ी के गांव पतला में ट्यूबवेल पर नहाने के दौरान युवक सचिन कुमार की बाइक और मोबाइल लेकर एक अन्य ग्रामीण फरार हो गया। आरोपी ने सचिन के मोबाइल से पांच लाख रुपये अपने खातों में ट्रांसफर कर लिए। शिकायत करने पर आरोपी ने सचिन कुमार को गाली गलौज कर उसे पीट दिया। ग्रामीणों ने पंचायत भी की मगर आरोपी ने रकम नहीं लौटाई। इसके बाद सचिन के पिता ने थाने में घटना की तहरीर दी। पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
पतला के रहने वाले विष्णु सिंह के अनुसार बीती तीन जून को उनका पुत्र सचिन कुमार भांजे के साथ बाइक से गांव में ट्यूबवेल पर नहाने गया था। सचिन और उसका भांजा बाइक में मोबाइल आदि रखने के बाद ट्यूबवेल में नहाने लगे। वहां पहले से ही गांव निवासी धीरज नहा रहा था। धीरज खाना लाने के बहाने सचिन की बाइक मांगकर ले गया मगर लौटा नहीं। काफी देर प्रतीक्षा करने के बाद सचिन ने धीरज को कॉल की तो उसने बताया कि वह हरिद्वार जा रहा है।
वहां से आकर बाइक और मोबाइल लौटा देगा। आरोपी धीरज ने दस जून को बाइक और मोबाइल लौटा दिया। आरोप है कि धीरज ने मोबाइल से सारा डाटा डिलीट किया हुआ था। सचिन कुमार ने बैंक जाकर खाते चेक किए तो धीरज ने तीन लाख रुपये अपनी मां के खाते में और 1.99 लाख रुपये यूपीआई से ट्रांसफर किए थे। ग्रामीणों ने पंचायत भी की मगर आरोपी ने रकम नहीं लौटाई। एसीपी मोदीनगर भास्कर वर्मा ने बताया कि तहरीर के अनुसार धीरज कुमार पुत्र सोहनवीर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।