इंदिरापुरम। कोतवाली क्षेत्र में आदित्य मॉल के दूसरे तल पर रॉक क्लब के गेट पर युवकों ने देर रात तीन राउंड गोली चलाई। इसमें टीला शाहबाजपुर का सुरक्षा गार्ड राहुल गोली लगने से घायल हो गया। उसे क्लब मालिक ने तुरंत वैशाली के हायर सेंटर में भर्ती कराया। अस्पताल से सूचना मिलने के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। मॉल से सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर युवकों की पहचान शुरू कर दी है।
डासना मसूरी के रफीकाबाद निवासी व प्रबंधक रिजवान ने बताया कि आदित्य मॉल के दूसरे तल पर रॉक क्लब को देर रात बंद करने के बाद कर्मचारी साफ-सफाई कर रहे थे। अचानक तीन युवकों ने सीढि़यों के रास्ते क्लब के सामने पहुंचकर मेन गेट पर पिस्टल से फायरिंग शुरू कर दी। गोलियों की आवाज सुनकर तीन चार कर्मचारी टेबल के नीचे और सोफे के पीछे छिप गए लेकिन टीला शाहबाजपुर गांव का गार्ड राहुल कमर के नीचे गोली लगने से घायल हो गया। फायरिंग के बाद आरोपी मौके से भाग गए।
उन्होंने कर्मचारियों की मदद से लहूलुहान राहुल को तुरंत गाड़ी से वैशाली के हायर सेंटर में भर्ती कराया। वहां डॉक्टरों की टीम ने उसका ऑपरेशन किया। गोली निकलने के बाद अभी उसने किसी से बात नहीं नहीं की है। रिजवान ने शक जाहिर किया कि क्लब में लड़ाई-झगड़ा करने वालों को वह प्रवेश नहीं देते हैं, ऐसे ही लोगों ने गोली चलाकर मॉल और क्लब में दहशत बनाने का काम किया है। सूचना के बाद एसीपी और इंदिरापुरम कोतवाली से पुलिस मौके पर पहुंची। डीसीपी ने तुरंत आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए टीम का गठित की है।
डीसीपी शुभम पटेल का कहना है कि युवकों की पहचान के लिए सीसीटीवी कब्जे में ली है। टीम तीनों को दबोचने के लिए जगह-जगह दबिश दे रही है।