खोड़ा। आदर्शनगर कॉलोनी स्थित स्कूल की दीवार पर पुताई करने के दौरान युवक चौथी मंजिल से गिर गया। अस्पताल में उपचार के दौरान युवक की मौत हो गई। परिजनों ने कानूनी कार्रवाई से इन्कार करते हुए पुलिस को शिकायत नहीं दी है। परिजन युवक के शव को अपने गांव ले गए हैं।
खोड़ा थाना क्षेत्र के आदर्श नगर कॉलोनी लोधी चौक के पास एक स्कूल है। स्कूल की तरफ से पुताई कराई जा रही है। स्कूल की चौथी मंजिल पर मोहम्मद रजी (25) निवासी ग्राम वेहता गोसाई थाना विलसी जिला बदायूं पुताई कर रहा था। अचानक चौथी मंजिल से रजी नीचे गिर गया। आसपास के लोगों ने स्कूल के स्टाफ और मालिक को सूचना दी। सूचना पाकर स्कूल का मालिक और स्टाफ मौके पर पहुंचा। उन्होंने रजी को एमएमजी अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल में उपचार के दौरान उनको डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। आसपास के लोगों ने पुलिस और परिजनों को सूचना दी। सूचना पाकर पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे। इसके बाद परिजन रजी के शव को अपने गांव ले गए।
कार्यवाहक एसीपी सलोनी अग्रवाल ने बताया कि परिजनों ने मामले में शिकायत नहीं दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।