इंदिरापुरम। इंदिरापुरम में मंगलवार रात श्रीराम सेतु (एलिवेटेड रोड) पर हुए सड़क हादसे में अज्ञात वाहन की टक्कर से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दिल्ली आरके पुरम सेक्टर-12 स्थित कनक दुर्गा कॉलोनी निवासी साजिद हुसैन ने पुलिस को बताया कि उनका भतीजा इस्लाम (28) खोड़ा की शंकर विहार कॉलोनी में रहता था। वह 10 नवंबर की रात में काम खत्म करके बाइक से वापस घर जा रहा था। इस दौरान एलिवेटेड की सर्विस रोड पर कनावनी पुलिया के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। इससे बाइक बेकाबू होकर खंभे से जा टकराई और इस्लाम की मौके पर ही मौत हो गई। डीसीपी ट्रांस हिंडन ऋजुल ने बताया कि हादसे की जांच की जा रही है और आरोपी चालकों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।