फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ghaziabad News: शुरू हुआ छठ महापर्व... खरना आज, गुड़ की खीर का बनेगा प्रसाद

विज्ञापन
विज्ञापन

विज्ञापन
साहिबाबाद। हिंडन छठ घाट पर गंगा आह्वान और संकल्प पूजा के साथ लोक आस्था का छठ महापर्व शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया। पहले दिन व्रतियों ने स्नान के बाद शुद्धता के साथ भोजन तैयार किया। इसमें चावल, दाल, घीया की सब्जी और पकौड़े बनाए गए। शनिवार को महापर्व के दूसरे दिन घरों में खरना पूजा की जाएगी।
महापर्व के पहले दिन हिंडन नदी छठ पूजा घाट पर शुक्रवार को पुरबिया जन कल्याण परिषद के आह्वान पर छठ महापर्व की तैयारियों के तहत कारसेवा का शुभारंभ किया गया। दोपहर 12:30 बजे जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़, नगरायुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक और डीसीपी ट्रांस हिंडन ऋजुल की मौजूदगी में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ गंगा का आह्वान, पूजन और आरती की गई। इसके बाद नगरायुक्त ने झाड़ू लगाकर कारसेवा की शुरुआत की। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को 24 घंटे में घाटों पर सफाई और अन्य व्यवस्थाएं हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए। डीएम ने हिंडन में गंदा पानी और जलकुंभी मिलने पर नाराजगी जताई, उन्होंने सिंचाई विभाग और नगर निगम के अधिकारियों को जल्द से जल्द सफाई कराने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में 79 घाटों के प्रतिनिधि अपने कारसेवकों के साथ मौजूद रहे। इस मौके पर पुरबिया जन कल्याण परिषद की अध्यक्ष रीता सिंह, राष्ट्रीय महासचिव पंडित राकेश तिवारी, प्रवक्ता जय दीक्षित, तिलक राम पांडेय, राम प्यारे यादव मौजूद रहे। वैदिक आचार्य विद्यानंद झा, नवीन झा, गणेश झा, पवन झा और श्रवण झा ने मंत्रोच्चार के साथ पूजा संपन्न कराई।
विज्ञापन

इनसेट
आज से शुरू हो रहा निर्जला व्रत
शुक्रवार को नहाय खाय के बाद शनिवार को खरना के साथ ही निर्जला व्रत शुरू हो रहा है। शनिवार की शाम घरों में गुड़, चावल और दूध की खीर (रसीयाव), गेहूं के आटे की रोटी और केला प्रसाद के रूप में तैयार किया जाएगा। पूजा के बाद व्रती प्रसाद ग्रहण करेंगे, इसके बाद दोबारा से निर्जला व्रत आरंभ शुरू हो जाएगा जो सोमवार सुबह तक रहेगा। रविवार को अस्तांचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा और सोमवार की सुबह उदयांचल सूर्य को अर्घ्य देने के बाद व्रत संपन्न होगा।

इनसेट
बिहार से बांस का बना डाला और सूप बाजार में पहुंचा
छठ महापर्व पर जिले के बाजारों में बिहार, बंगाल और असम से बांस से बने पारंपरिक सामान की आवक शुरू हो गई है। बाजार में सूप, सुपली, डगरा, दउरा और टोकरी की मांग बढ़ने के साथ ही इनके दाम भी बढ़ गए हैं। छठ पूजा में सूर्यदेव को अर्घ्य देने और प्रसाद सजाने के लिए इन सामानों का विशेष महत्व है। दुकानदार अनूप यादव ने बताया कि छठ को लेकर सामान बिहार, बंगाल और असम से मंगाया गया है। पूजा में इस्तेमाल होने वाले नारियल, अनानास, शकरकंद, अदरक, हल्दी, नींबू, सिंघाड़ा, अरबी और कद्दू की भी बिक्री हो रही है।




छठ पूजा के सामान और उनके दाम
सामान कीमत
1. सुपली 120–180 रुपये प्रति पीस
2. डगरा 250 रुपये प्रति पीस
3. टोकरी 250–400 रुपये प्रति पीस
4. अनानास 40–50 रुपये प्रति पीस
5. शकरकंद 40 रुपये प्रति किग्रा
6. नारियल 60–80 रुपये प्रति पीस
7. अरबी 80–100 रुपये प्रति किग्रा
8. कद्दू 60 रुपयेप्रति किग्रा
9. आंबला 80-100 रुपये प्रति किग्रा
10. सुथनी 200 रुपये प्रति किग्रा
11. हल्दी और अदरक 10 रुपये प्रति पीस
12. कलश 50–150 रुपये
13. मिट्टी की प्लेट 20–120
14- गन्ना- 120 रुपये बंडल (10 पीस प्रति बंडल)
15. मिट्टी के हाथी- 300-1100
नोट- लाल चावल, मखाना, सिंदूर, केराओ, अल्पत्र, धूप, इलायची, मूंगफली, शीताफल, कमरख सभी दस रुपये प्रति पीस बिक रहे हैं। दुकानदारों का कहना है कि लगभग सभी सामानों में दाम में दोगुना की बढ़ोतरी हुई है।
-
मंडी में त्योहार पर लौकी की आवक हुई कम, 60 से 70 रुपये प्रति किग्रा में बिका
नहाय खाय के दिन व्रतियों के घर में लौकी की सब्जी बनाए जाने का विधान है, ऐसे में शुक्रवार को लौकी दोगुने से भी अधिक रेट पर बिका। यही नहीं सब्जी मंडी में लौकी की आवक भी शुक्रवार को कम रही जिससे दामों में तेजी आ गई है। दो दिन पहले तक मंडी में लौकी के थोक भाव 15 से 22 रुपये प्रति किलो तक थे, जो अब बढ़कर 25 से 30 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गए हैं। मंडी सचिव सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि मंडी में त्योहार की वजह से आवक कम होने की वजह से दाम बढ़े हैं। त्योहार के कुछ दिनों के बाद दामों में कमी आ जाएगी।
विज्ञापन

-
छठ घाटों पर तैयारियां तेज, कहीं बना स्थायी घाट तो कहीं देवप्रयाग से आएगा गंगाजल
साहिबाबाद। छठ महापर्व को लेकर टीएचए क्षेत्र की सोसायटियों और घाटों पर तैयारियां तेज हो गई हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शालीमार सिटी में सोसायटी परिसर के अंदर ही छठ घाट तैयार किया गया है। वहीं, छठ पूजा में जल की पवित्रता बनाए रखने के लिए पांचवें वर्ष भी देवप्रयाग से गंगाजल लाने की पहल की गई है। शुक्रवार को समाजसेवी अमित किशोर चार सदस्यीय टीम के साथ देवप्रयाग के लिए रवाना हुए। इस वर्ष करीब 120 लीटर गंगाजल लाकर टीएचए के 10 से 12 छठ घाटों के जल में मिलाया जाएगा। उनकी टीम में पंकज शर्मा, राजेश कुमार और अमित कुमार शामिल हैं। यह गंगाजल रविवार को शाम के अर्घ्य के दिन घाटों पर पहुंचाया जाएगा। उधर, शालीमार गार्डन स्थित डबल टंकी पार्क में बने छठ घाट का जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ और अपर आयुक्त केशव कुमार चौधरी ने निरीक्षण किया। यहां पूर्वांचल कालिदास नवयुवक विकास समिति के अध्यक्ष अशोक शाह ने बताया कि हर वर्ष यहां हजारों श्रद्धालु पूजा-अर्चना करते हैं। दूसरी ओर, शालीमार सिटी छठ पूजा समिति के संस्थापक संजय झा और सदस्यों के प्रयास से तैयार घाट पर स्वच्छ जल, प्रकाश और सुरक्षा सहित आवश्यक सुविधाएं जुटाई गई हैं। संवाद
-
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें