मुरादनगर। साइबर ठगों ने बैंक अधिकारी बनकर एक युवक से बैंक खाते की जानकारी हासिल कर 95 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। गांव जलालपुर निवासी मोहित कुमार का कहना है कि उसके मोबाइल फोन पर एक फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को बैंक अधिकारी बताते हुए खाते से संबंधित जानकारी मांगी। भरोसे में आकर उसने आवश्यक जानकारी साझा कर दी। कुछ ही देर बाद उसके मोबाइल फोन पर खाते से 95 हजार रुपये निकलने का संदेश प्राप्त हुआ। इसके बाद उसे अपने साथ साइबर ठगी होने का पता चला। पीड़ित ने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।