एसीपी मसूरी सुनील कुमार ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। घायल युवक 32 वर्षीय शाहनवाज को एम्बुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डासना ले जाया गया। वहां से उसे जिला संयुक्त अस्पताल रेफर किया गया। चिकित्सकों ने शाहनवाज की गंभीर हालत देखते हुए उसे दिल्ली के जीटीबी अस्पताल भेज दिया। उसका इलाज अभी भी वहीं चल रहा है। शाहनवाज के सिर में गंभीर चोट लगी है और वह बोल नहीं पा रहा है। पुलिस को उसकी जेब से एक मोबाइल फोन मिला। पुलिस ने उसके घर पर घटना की सूचना दे दी है।
शाहनवाज के रूप में हुई पहचान
रविवार सुबह 11 बजे पुलिस को मसूरी रेलवे पुल के पास युवक के घायल होने की जानकारी मिली। मसूरी पुलिस के उपनिरीक्षक नवीन कुमार, कांस्टेबल खुर्शीद आलम और विकास कुमार घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए डासना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। युवक की पहचान शाहनवाज पुत्र शहाबुद्दीन सैफी निवासी जाफर कॉलोनी मसूरी के रूप में हुई है।
इंटीरियर कंपनी में करता है काम
घायल युवक की मां चमन ने बताया कि शाहनवाज गुरुग्राम स्थित शर्मा इंटीरियर कंपनी में काम करता है। वह 29 सितंबर से अपने घर मसूरी से गुरुग्राम गया हुआ था। रविवार सुबह शाहनवाज कंपनी से अपनी स्प्लेंडर बाइक पर एक बैग लेकर निकला था। हालांकि, घटनास्थल के आसपास उसकी बाइक या बैग नहीं मिले हैं। पुलिस को केवल उसका मोबाइल फोन बरामद हुआ है। शाहनवाज की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है और उसके होश में आने पर ही घटना का पूरा विवरण पता चल सकेगा।