गाजियाबाद। संजयनगर सेक्टर-23 निवासी डिलीवरी बॉय अनुज (25) ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले अनुज ने एक वीडियो बनाकर दोस्त को भेजा, जिसमें उसने शामली के परिवार पर उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। अनुज की पत्नी सोनिया का आरोप है कि आरोपी उनके पति को ब्लैकमेल कर रकम की मांग कर रहे थे और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दे रहे थे। अनुज मूलरूप से शामली का रहने वाला था। मामले में सोनिया ने युवती समेत छह लोगों के खिलाफ मधुबन बापूधाम थाने में केस दर्ज कराया है।
शामली के गोशाला रोड निवासी सोनिया का कहना है कि उनके पति अनुज संजयनगर सेक्टर-23 में किराये के मकान में रहकर डिलीवरी बॉय की नौकरी करते थे। उनके पति जब भी शामली आते थे तो तनु बिड़ला, उनका भाई अनुज, मां, तनु की बड़ी बहन का देवर प्रिंस बिड़ला और मामा उन्हें ब्लैकमेल करते थे। लगातार मिल रही धमकियों से वह परेशान हो गए थे और तनाव में थे। 25 अगस्त को वह घर से गाजियाबाद के लिए चले गए और 29 अगस्त की रात करीब आठ बजे पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। एसीपी कविनगर अभिषेक श्रीवास्तव का कहना है कि मामले में आत्महत्या के लिए उकसाने की धारा में केस दर्ज कर जांच की जा रही है।