गाजियाबाद। गोविंदपुरम में बृहस्पतिवार शाम एक युवक पर 15-20 हमलावरों ने चाकुओं से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को वेंटिलेटर पर रखा गया है। पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लिया है।
घायल की पहचान महरौली निवासी हर्ष चौधरी के रूप में हुई है। वह अपने दोस्त अंश और ओम के साथ डीडीपीएस गोविंदपुरम के पास एक होटल में खाना खा रहा था। एसीपी कविनगर अभय राजेंद्र डागा ने बताया कि इसी दौरान सात नामजद और 8-10 अज्ञात युवकों ने उस पर हमला कर दिया।
दोस्त अंश ने बताया कि हमलावरों ने हर्ष के पेट में दो बार चाकू से वार किया। लहूलुहान हालत में हर्ष जान बचाने के लिए सड़क पर दौड़ा, लेकिन हमलावर बेहोश होने तक उसका पीछा करते रहे। कुछ दूर दौड़ने के बाद वह बेहोश होकर सड़क पर गिर गया। इसके बाद आरोपी फरार हो गए। विरोध करने पर अंश के साथ भी मारपीट की गई। दोस्तों ने हर्ष को सर्वोदय अस्पताल कविनगर में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
हर्ष के पिता विकास की तहरीर पर पुलिस ने एक नाबालिग समेत सात को नामजद किया है। इनमें मिसलगढ़ी के बादल, मारूफ, फरमान, आकाशनगर के समीर, जुनैद उर्फ मुनेश, बापूधाम का सुमित और एक नाबालिग शामिल है। इसके अलावा 8-10 अज्ञात के खिलाफ भी केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।