फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गाजियाबाद: मकान निर्माण विवाद में युवक पर जानलेवा हमला, जातिसूचक गाली देने का आरोप; आठ नामजद समेत अन्य पर केस

Tue, 06 Oct 2026 05:26 PM IST
किशन चौबे अमर उजाला नेटवर्क, गाजियाबाद

सार

गाजियाबाद के मसूरी थाना क्षेत्र में मकान निर्माण को लेकर हुए विवाद में एक युवक पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने आठ नामजद और अन्य अज्ञात लोगों पर घर में घुसकर मारपीट करने, जातिसूचक गालियां देने और हथियारों से हमला करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
 
विज्ञापन
UP Police - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

थाना मसूरी क्षेत्र के इंद्रगढ़ी में मकान निर्माण को लेकर हुए विवाद में एक युवक पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने आठ नामजद समेत अन्य अज्ञात लोगों पर घर में घुसकर मारपीट करने, जातिसूचक गालियां देने और पिस्तौल की बट, डंडे, चाकू व फावड़े से हमला करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

विज्ञापन


प्लॉट पर मकान बनवा रहा था पीड़ित
इंद्रगढ़ी निवासी देवराज पुत्र नत्थू सिंह ने थाना मसूरी पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उन्होंने वर्ष 2016 में आकाश नगर में एक प्लॉट खरीदा था। पिछले कुछ दिनों से वह अपने प्लॉट पर मकान का निर्माण करा रहे थे।
पीड़ित के अनुसार, 27 सितंबर की दोपहर करीब तीन बजे काले रंग की स्कॉर्पियो कार से आठ-दस लोग वहां पहुंचे। आरोप है कि इन लोगों ने निर्माण कार्य रोकने की धमकी दी। देवराज ने जब इसका विरोध करते हुए अपने प्लॉट के बैनामे की बात कही तो आरोपी कथित रूप से आक्रोशित हो गए।

विज्ञापन
Trending Videos

जातिसूचक गाली देने के बाद हमला करने का आरोप
देवराज का आरोप है कि आरोपियों ने उन्हें जातिसूचक गालियां दीं और इसके बाद उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने अपने हाथों में लिए पिस्तौल की बट, डंडे, चाकू और फावड़े से उनके सिर, मुंह, आंख, जबड़े और कमर पर ताबड़तोड़ वार किए।
हमले में देवराज की आंख में गंभीर चोट आई। उनका होंठ कट गया और जबड़े में भी चोट लगी। इसके अलावा पैर में 12 टांके लगाए जाने की बात पीड़ित ने पुलिस को दी शिकायत में कही है।

गंभीर हालत में पांच दिन अस्पताल में भर्ती रहा युवक
पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने उन्हें गंभीर रूप से घायल करने के बाद मृत समझ लिया और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद देवराज की पत्नी पूनम और बेटा निकुंज मौके पर पहुंचे और डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घायल देवराज को इलाज और मेडिकल के लिए सरकारी अस्पताल भेजा। पीड़ित के अनुसार, गंभीर हालत के चलते वह करीब पांच दिनों तक अस्पताल में भर्ती रहे। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद उन्होंने थाना मसूरी पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ शिकायत दी और कड़ी कार्रवाई की मांग की।
विज्ञापन

आठ नामजद समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज
पुलिस ने देवराज की शिकायत के आधार पर सुग्रीव यादव पुत्र शपिपाल यादव, गुल्ली यादव पुत्र सुग्रीव यादव, अतुल और ललित पुत्रगण कृष्ण यादव, कुनाल और अभिषेक पुत्रगण विजयपाल, सचिन उर्फ कबूतर, शहरान और अन्य अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
एसीपी मसूरी सुनील कुमार ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पीड़ित ने आरोप लगाया है कि आरोपी दबंग किस्म के लोग हैं और उनके खिलाफ पहले से भी कई मामले दर्ज हैं। उनका कहना है कि इस वजह से क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ है। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें