बृहस्पतिवार सुबह गोविंदपुरी से युवती को बाइक सवार ने लिफ्ट के बहाने अगवा किया। युवती ने मेरठ में शोर मचाया, इसके बाद लोग जुट गए और उन्होंने आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। मौके पर पहुंचे परिजन युवती को अपने साथ मोदीनगर ले आए।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
दिल्ली-मेरठ मार्ग पर गोविंदपुरी पुलिस चौकी के सामने बृहस्पतिवार सुबह वाहन की प्रतीक्षा में खड़ी युवती को बाइक सवार आरोपी ने लिफ्ट देने के बहाने अगवा कर लिया। आरोपी युवती को अगवा कर मेरठ की तरफ ले गया। मेरठ के परतापुर बाईपास तिराहा पर युवती ने भीड़ देखकर शोर मचा दिया। लोगों ने बाइक सवार युवक को घेरकर धुनाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया।
विज्ञापन
गोविंदपुरी क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति के अनुसार बृहस्पतिवार सुबह उनकी 25 वर्षीय भतीजी दांत का उपचार कराने के लिए कादराबाद स्थित अस्पताल जा रही थी। युवती गोविंदपुरी चौकी के सामने वाहन की प्रतीक्षा करने लगी। काफी देर तक कोई वाहन नहीं आया। तभी एक बाइक सवार ने युवती को अस्पताल तक लिफ्ट दी। मगर आरोपी युवती को जबरन मेरठ की तरफ ले गया। इस दौरान युवती ने कई बार बाइक से छलांग लगाने का प्रयास किया मगर तेज रफ्तार के कारण सफल नहीं हुई।
बाइक जैसे ही मेरठ के परतापुर बाइपास तिराहे पर पहुंची तो वाहनों की अधिकता के कारण रफ्तार कम हो गई। युवती ने साहस कर शोर मचा दिया। लोगों ने बाइक को घेर लिया और आरोपी को पड़कर पीट दिया। लोगों ने आरोपी को परतापुर पुलिस के हवाले कर दिया। मौके पर पहुंचे परिजन युवती को अपने साथ मोदीनगर ले आए। परिजनों ने बताया कि घटना से युवती दहशत में है। एसीपी मोदीनगर सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है। तहरीर प्राप्त कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।