स्कूटी खड़ी करने के विवाद में युवती और उसके भाई को पीटा
- फोटो : अमर उजाला
रेलवे रोड पर दुकान के बाहर स्कूटी खड़ी करने को लेकर युवती और उसके भाई के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि आरोपियों ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। शिकायत के बावजूद तीन दिन से मुकदमा दर्ज कराने के लिए थाने और पुलिस चौकी के चक्कर काट रही है। वहीं, पुलिस जांच के बाद कार्रवाई करने की बात कह रही है।
रेलवे रोड पर शिवानी दुकान करती हैं। शिवानी के बताया कि 14 अक्टूबर को उनकी स्कूटी दुकान के बाहर खड़ी थी, आरोप है कि एक युवक ने कार से स्कूटी में टक्कर मार दी। विरोध करने पर कार सवार युवक ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।
आरोप है कि युवकों ने उन्हें पांच बार कार के बोनट पर पटककर मारा। बहन को बचाने पहुंचे उनके भाई के साथ भी मारपीट की गई। पीड़िता ने मामले में मुरादनगर थाने में तहरीर दी है। आरोप है कि घटना के तीन दिन बाद भी पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया है।
वह कार्रवाई की मांग को लेकर लगातार थाने और पुलिस चौकी के चक्कर काट रही हैं। शिवानी का यह भी आरोप है कि घटना के दौरान मौके पर पुलिसकर्मी मौजूद थे, लेकिन उन्होंने बचाने की कोशिश नहीं की। एसीपी का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।