मुरादनगर। दिल्ली मेरठ मार्ग पर रैपिड रेल के मुरादनगर स्टेशन के पास तेज रफ्तार कंटेनर ने बूम लिफ्टर में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बूम लिफ्टर पर काम कर रहा युवक सड़क पर गिर गया, उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
जनपद बुलंदशहर बीबीनगर के खरकाली गांव निवासी राजकुमार (34) पुत्र प्रकाश मुरादनगर में रैपिड रेल के निर्माण कार्य में लगी निजी कंपनी में काम करता था। रविवार सुबह करीब छह बजे राजकुमार मुरादनगर के रैपिड रेल स्टेशन के पास बूम लिफ्टर पर काम कर रहा था।
इसी बीच गाजियाबाद की तरफ से आ रहे कंटेनर ने बूम लिफ्टर में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बूम लिफ्टर से राजकुमार नीचे सड़क पर आ गिरा। मौके पर अन्य मजदूरों की भीड़ लग गई, गंभीर हालत में राजकुमार को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने कंटेनर को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में लिया है।
बिना सेफ्टी कराया जा रहा था मजदूर से काम
दिल्ली-मेरठ मार्ग पर रैपिड रेल निर्माण का काम चल रहा है। मार्ग पर जहां काम कराया जाता है वहां पर बैरिकेडिंग की जाती है, जिससे कोई हादसा न हो लेकिन यहां ऐसा नहीं था, बूम लिफ्टर पर राजकुमार अकेला काम कर रहा था। बैरिकेडिंग भी नहीं की गई थी।