नगलाबेर गांव निवासी व्यक्ति की बेटी एमएससी प्रथम वर्ष की छात्रा है। बताया गया है कि गांव निवासी एक युवक छात्रा को काफी समय से परेशान कर रहा है। वह छात्रा से एकतरफा प्रेम करता था। पिछले दिनों छात्रा की शादी तय हो गई। शादी तय होने के बाद से ही आरोपी नाराज चल रहा था।
शनिवार रात को छात्रा घर में अपने कमरे में पढ़ाई कर रही थी। पुलिस के अनुसार, इस बीच युवक आया और छात्रा पर तमंचे से फायरिंग कर दी और फरार हो गया। गोली छात्रा के सिर में लगी, वह लहूलुहान होकर नीचे जमीन पर गिर गई। गोली की आवाज सुन परिजन मौके पर पहुंचे और छात्रा को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर उसे मेरठ रेफर किया गया है। एसीपी अमित सक्सेना ने बताया कि मामले में कोई तहरीर नहीं आई है। तहरीर आने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। पुलिस की चार टीम युवक की तलाश में लगी हैं।