मुरादनगर। गंगनहर पटरी पर ऑटो खड़ा करने के बाद एक युवक ने सोमवार दोपहर नहर में छलांग लगा दी। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज बहाव के कारण वह पानी में बह गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू कर दी है।
एसीपी अजय कुमार ने बताया कि सोमवार दोपहर करीब एक बजे एक युवक ऑटो लेकर मुरादनगर पहुंचा। वह कुछ देर तक क्षेत्र में घूमता रहा। इसके बाद उसने गंगनहर पटरी पर ऑटो खड़ा किया और अचानक दौड़ते हुए नहर में छलांग लगा दी। नहर में स्नान कर रहे कुछ युवकों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज बहाव के कारण वह देखते ही देखते पानी में लापता हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तलाश अभियान शुरू कराया। बताया कि ऑटो के नंबर के आधार पर ई-चालान एप से युवक की पहचान गोलू पुत्र धर्म सिंह, निवासी अर्थला, मोहननगर, थाना साहिबाबाद के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक अविवाहित था तथा उसके माता-पिता का निधन हो चुका है। पुलिस ने उसके फुफेरे भाई रवि को घटना की सूचना दे दी है।