उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के पिलखुवा में बहन के साथ आए दिन मारपीट की घटनाओं से गुस्साए साले रमन ने जीजा हरीश की नुकीला सरिया घोंपकर हत्या कर दी। आरोपी ने पेट व छाती में नुकीले सरिये से ताबड़तोड़ वार किए, जिसके कारण हरीश की मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपी ने फरार होने की कोशिश की लेकिन पड़ोसियों ने उसे दबोच लिया तथा पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त सरिया बरामद कर लिया।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला आर्य नगर निवासी 32 वर्षीय टोनी उर्फ हरीश पुत्र विजेंद्र की शादी वर्ष 2012 में जनपद गाजियाबाद के भोजपुर थाना क्षेत्र के गांव शामली निवासी कंचन के साथ हुई थी। हरीश साइकिल की गद्दी एवं कवर की सिलाई का काम करता था।
स्थानीय लोगों के अनुसार हरीश शराब पीने का आदी था जिसके कारण दंपती के बीच आए दिन विवाद रहता था। कंचन अपने मायके में पति द्वारा मारपीट की शिकायत करती थी। सोमवार सुबह भी किसी बात को लेकर पति-पत्नी में विवाद हो गया। जिसके बाद कंचन रोते हुए घर से निकल गई और परतापुर चुंगी पर पहुंचकर अपने भाई रमन को फोन किया।