यह हादसा तुलसी निकेतन इलाके में पेट्रोल पंप के पास रात में हुआ था। रोहित अपने कार्यस्थल से घर लौटते समय पेट्रोल पंप पर रुके थे। पेट्रोल भरवाने के बाद बाहर निकलते ही एक तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। आरोपी चालक गलत दिशा में ट्रिपलिंग करते हुए आ रहा था। टक्कर इतनी जोरदार थी कि रोहित सड़क पर गिर गए और उनकी बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। स्थानीय लोगों ने डायल 112 पर सूचना देकर रोहित को इलाज के लिए जीटीबी अस्पताल भेजा।
रोहित का आरोप है कि 25 जुलाई को टीलामोड़ थाने में तहरीर दी थी। हालांकि, पुलिस ने तब कोई कार्रवाई नहीं की थी। सहायक पुलिस आयुक्त शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद कार्रवाई क्यों नहीं की गई, इसकी जांच की जाएगी। पुलिस अज्ञात बाइक को ट्रेस कर रही है और जल्द ही चालक को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई करेगी।