साहिबाबाद। शालीमार गार्डन थाना क्षेत्र के जेएसएस नर्सिंग होम के सामने कार चालक ने युवक को टक्कर मार दी। घटना के बाद चालक कार लेकर मौके से फरार हो गया। घायल युवक की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने आरोपी कार चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
गरिमा गार्डन में शाहिद अनवर परिवार के साथ रहते हैं। उन्होंने बताया कि उनका बेटा अलकाफ सोमवार को जेएसएस नर्सिंग होम के सामने से अपने घर गरिमा गार्डन जा रहा था। इस दौरान पीछे से आ रही कार ने उन्हें टक्कर मार दिया। इसके बाद अलकाफ को दिल्ली के जीटीबी अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में मंगलवार को उनके बेटे अलकाफ की मौत हो गई। एसीपी शालीमार गार्डन सलोनी अग्रवाल ने बताया कि तहरीर के आधार पर पुलिस ने मंगलवार को कार चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।