कौशांबी। फ्लाइट का टिकट बुक करने के नाम पर 12.60 लाख रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ कौशांबी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। कंपनी के डायरेक्टर से महिला एजेंट और उसके पति ने टूर पैकेज उपलब्ध कराने के नाम पर ठगी की है। आरोपी अब ना तो रकम वापस कर रहे और ना ही फ्लाइट का टिकट दे रहे हैं।
सनमुख सिंह परिवार के साथ फरीदाबाद हरियाणा में रहते हैं। उन्होंने बताया कि उनकी कंपनी ग्राहकों के लिए टूर पैकेज उपलब्ध कराती है। वैशाली में कार्यालय खोलकर बैठी सोनी गुप्ता उर्फ बिजनेश गुप्ता व उनके पति हैप्पी गुप्ता फ्लाइट के टिकट की व्यवस्था करते हैं। उन्होंने 28 मार्च को भी इनसे अपने ग्राहकों के लिए इंटरनेशनल टूर पैकेज खरीदा था। यह टूर पैकेज मई व जून के लिए था। उन्होंने उनके खाते में टिकट की धनराशि के 12.60 लाख रुपये भी भेज दिए। आरोप है कि अब आरोपी ना तो फ्लाइट के टिकट दे रहे हैं और ना ही उनकी रकम वापस कर रहे हैं। जिन ग्राहकों से उन्होंने टूर पैकेज के नाम पर रुपये लिए थे अब वह अपने रुपये वापस मांग रहे हैं। पीड़ित ने मामले में डीसीपी से शिकायत की। डीसीपी के आदेश पर कौशांबी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।