मुरादनगर। रावली रोड पर टेलीफोन एक्सचेंज के पास बाइक सवार चार युवकों ने एक युवक को ऑटो से उतारकर पीट दिया। आरोपियों ने सरिया मारकर युवक को गंभीर रूप से घायल कर दिया।
कुम्हैड़ा गांव निवासी शैंकी शर्मा दिल्ली की एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करते हैं। बृहस्पतिवार को वह डयूटी खत्म करने के बाद दिल्ली-मेरठ मार्ग पर रावली रोड कट के पास उतरकर ऑटो में बैठ गए। ऑटो में बैठे एक युवक से शैंकी शर्मा ने पैर हटाने को कहा तो उसने गाली गलौंज शुरू कर दी। उस समय दोनों के बीच मामला शांत हो गया। ऑटो सवार युवक ने फोन करके अपने साथियों को बुला लिया। रावली रोड टेलीफोन एक्सचेंज के पास पीछे से आए बाइक सवार चार युवकों ने ऑटो रुकवा लिया और शैंकी को नीचे उतारकर उसकी पिटाई शुरू कर दी। इतना ही नहीं सरिया मारकर उसे घायल कर दिया। एसीपी नरेश कुमार ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।