गाजियाबाद। विजयनगर थाना क्षेत्र के डूब क्षेत्र में शनिवार सुबह एक युवक का शव पेड़ से फंदे से लटका मिला। हड्डी मिल के पास पुस्ते के नजदीक हुई घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। मृतक की पहचान सागर (25) पुत्र नन्हें लाल निवासी 25 फुटा रोड, बहरामपुर, क्रॉसिंग रिपब्लिक के रूप में हुई।
एसीपी नगर कोतवाली रूपाली राव ने बताया कि शनिवार सुबह करीब 10:38 बजे सूचना मिली कि हड्डी मिल के पास डूब क्षेत्र में पुस्ते के नजदीक एक पेड़ पर युवक ने फंदा लगा लिया है। सूचना पर विजयनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची तो युवक का शव पेड़ से लटका मिला। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पंचायतनामा भरने की कार्रवाई शुरू की। मौके पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। युवक ने आत्मघाती कदम क्यों उठाया, इसकी वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।