गाजियाबाद। मेरठ-दिल्ली मार्ग पर साधु के वेश में आए युवक ने बाइक सवार दंपती को रोका और आभूषण व नकदी ठग ली। पीड़ित दंपती ने पुलिस से मौखिक शिकायत की और दिल्ली की ओर रवाना हो गए। मेरठ के शास्त्रीनगर निवासी काजल पत्नी नरेंद्र सिंह उर्फ नानू ने बताया कि शनिवार की शाम करीब तीन बजे वह बाइक से पति के साथ गाजीपुर दिल्ली जा रही थीं। जैसे ही दोनों राजनगर एक्सटेंशन से निकलकर एलिवेटेड की ओर चले तभी सड़क पर साधू के वेश में खड़े युवक ने उन्हें बाइक रोकने का इशारा किया। काजल ने बताया कि युवक ने उनसे दान दक्षिणा मांगी तो दस रुपये दे दिए गए। कुछ दूर जाने पर दंपती को ठगी का अहसास हुआ। जांच करने पर नरेंद्र के पर्स में रखे साढ़े चार हजार रुपये और काजल की सोने की अंगूठी गायब थी। पीड़ित दंपती ने आसपास मौजूद पुलिसकर्मियों से शिकायत की। साधू के वेश में आए युवक को तलाश किया गया लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद दंपती बाइक पर सवार होकर दिल्ली की ओर रवाना हो गया।