मोदीनगर। कैलाश कॉलोनी में किराये पर रह रहे मंजीत उर्फ आशु (25) ने फंखे से फंदा लगाकर जान दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शनिवार सुबह कमरे का दरवाजा तोड़कर शव बाहर निकाला।
मूलरूप से सहारनपुर के तितारो थाना स्थित भायला गांव निवासी मंजीत उर्फ आशु नगर के एक नामचीन ग्रुप में नौकरी करता था। मंजीत के साथ सहारनपुर के देवबंद निवासी रोहित भी उसी कंपनी में काम करता है। दोनों दोस्त कैलाश कॉलोनी में रविंद्र के मकान में किराये पर रहते थे। पुलिस के अनुसार शुक्रवार रात काम से लौटने के बाद मंजीत कमरे में सो गया जबकि रोहित छत पर सोने चला गया। शनिवार सुबह करीब चार बजे रोहित नीचे आया तो कमरा बंद मिला। मंजीत को आवाज लगाई तो काफी देर तक भी कोई उत्तर नहीं मिला।
रोहित ने मामले की जानकारी मकान मालिक और पुलिस कंट्रोल रूम को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़ा। पुलिस के अनुसार मंजीत का शव पंखे पर झूलता मिला। एसीपी ज्ञानप्रकाश राय का कहना है कि मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ। परिजनों की ओर से मामले की कोई तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।