मसूरी क्षेत्रांतर्गत गांव कुशलिया निवासी आदिल पुत्र साबिर अली ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि उसकी बहन चांदनी 35 का विवाह डासना निवासी चांद 37 के साथ 18 वर्ष पूर्व हुआ था। डासना का घर उसके बहनोई ने बेच दिया और किराये के मकान में रहने लगा। गाजियाबाद में गाड़ियों की कमानी का काम करता था। सुसराल वालों ने चांद को कुशलिया बुलाकर अपने पास रहने के लिए जगह दे दी। आरोप है कि आये दिन पति पत्नी में अक्सर विवाद रहता था। वहीं सोमवार की शाम चांदनी और पति चांद में पैसों को लेकर झगड़ा हुआ, जबकि जिन रुपयों को वह मांग रहा था वे उसके भाई अल्ताफ के रखे थे तो चांदनी ने वे रुपये उसे नहीं दिए।
चांदनी के घर वालों को पता चला तो दोनों पति-पत्नी को समझा-बुझाकर शांत कर दिया। इसी बात को लेकर मंगलवार सुबह सवेरे इनके बच्चे जब उठे तो उनकी मां के मुंह पर कपड़ा ढका हुआ था और खून बह रहा था। लेकिन इनका पिता चांद वहां से गायब था। बच्चों ने अपने ननिहाल में अपने नाना और मामा से बताया तो उन्होंने आकर देखा। वे उसे तुरंत डासना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, लेकिन वहां चिकित्सक ने प्रथम उपचार के बाद घायल को जिला संयुक्त अस्पताल भेज दिया। जहां से उसे गंभीर अवस्था में जीटीबी अस्पताल में रेफर कर दिया। जहां उसकी स्थिति ज्यादा खून निकलने से गंभीर बताई जा रही है। चांदनी के भाई आदिल ने बताया कि उसका बहनोई चांद संदूक में रखे भाई के 20 हजार रुपये और एक मोबाइल भी लेकर चला गया।
उसका खून से सना एक लोअर जो वह वहीं उतारकर छोड़ गया। एक ईंट खून से सनी पड़ी मिली। घायल चांदनी के भाई आदिल ने अपने बहनोई चांद के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने पीड़िता के भाई आदिल पुत्र साबिर निवासी कुशलिया की तहरीर के आधार पर चांद निवासी कुशलिया के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस ने चांद के खिलाफ बीएनएस की धारा 109(1) में एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। एसीपी नरेश कुमार ने बताया कि पति ने अपनी पत्नी के सिर में चोट मारकर गंभीर घायल कर दिया है और वहां से चला गया है। पुलिस ने चांद के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है और संभावित ठिकानो पर दबिश देकर उसकी तलाश की जा रही है।